Rajasthan Weather: तूफान और बारिश ने मचाया कोहराम, कल और बिगड़ सकते हैं हालात, पढ़ें IMD पूर्वानुमान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

राजस्थान के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश
तेज तूफान के कारण जारी है मौतों का सिलसिला
मौसम विभाग ने चेताया रविवार को भी बिगड़ेगा मौसम

जयपुर. राजस्थान (Rajasthan) में आज भी आंधी तूफान और बारिश (Storm and Rain) का दौर जारी है. राजस्थान में शनिवार को लगातार तीसरे दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. इसके कारण शुक्रवार रात से ही विभिन्न इलाकों में आंधी-बारिश और तूफान का दौर चल रहा है. शनिवार को अलसुबह शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं जिले सहित भरतपुर तथा धौलपुर में जोरदार बारिश हुई. राजधानी जयपुर में भी सुबह-सुबह मौसम बदल गया. हल्की बूंदाबांदी से मौसम फिर से खुशनुमा हो गया.

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान के कई इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से राजस्थान में फिर से एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. उसके कारण से आंधी और बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होगी. इसके चलते तेज अंधड़ आएगा. उस दौरान 50 से 70 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं. कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार हैं.

सीकर, झुंझुनूं और दौसा में तेज बारिश
सीकर जिले में तड़के 4 बजे झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया. कई इलाकों में ओले गिरे. झुंझुनूं जिले में सुबह से बरसात का दौर जारी है. शुक्रवार आधी रात करीब 3.30 बजे आये अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया था. अंधड़ ने केड़ ग्राम पंचायत में भारी तबाही मचाई. केड ग्राम पंचायत की छाबड़िया की ढाणी में अंधड़ से टीनशेड उड़ गया. यह टीन शेड एक व्यक्ति के टकरा गया. इससे उसकी मौत हो गई. दौसा जिले में भी जबरदस्त अंधड़ कहर बरपाया है. यहां भी अंधड़ के चलते जिले के अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है. अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई.

आपके शहर से (जयपुर)

श्रीगंगानगर नहरों में आया कटाव
पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में आई तूफानी बारिश से सड़कें नहरों में तब्दील हो गई. पानी से डूबी सड़कों के कारण यहां व्यापार प्रभावित हो रहा है. हनुमानगढ़ से सटे श्रीगंगानगर में तेज तूफान से नहरों में कटाव आ गया है. यहां के रायसिंहनगर की 15PS , कुम्हारावाली और 33NP नहर में कटाव आ गया है. स्थानीय ग्रामीण और किसान नहर को पाटने में जुटे हैं. तेज तूफान से नहरों में पेड़ गिरने से यह कटाव आया है. वहीं सूरतगढ़ उपखण्ड में तेज अंधड़ तूफानी बारिश से जैतसर और राजियासर सहित आसपास के गांवों में काफी नुकसान हुआ है.

भरतपुर और धौलपुर भी जोरदार भीगे
भरतपुर में भी शनिवार को सुबह मौसम फिर बदल गया. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई. तेज बारिश के कारण कई इलाकों में कच्चे मकानों के ढहने की जानकारी मिल रही है. इससे सटे धौलपुर जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में बारिश हुई. टोंक में भी मौसम विभाग ने फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कच्चे मकानों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. तूफान में पेड़ों की शरण नहीं लेने की अपील की गई है.

Tags: Jaipur news, Rain alert, Rajasthan news, Weather Alert

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें