
हाइलाइट्स
हुंडई भारत में दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता है.
कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक कारों के दो माॅडल्स बेच रही है.
कोना ईवी की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गई है.
Hyundai Electric SUV: देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारें मारुति सुजुकी की हैं, इसके बाद ह्युंडई की कारें सबसे ज्यादा बिकती हैं. ह्युंडई की सेल का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी ने अप्रैल में ही 49,512 यूनिट्स की सेल की है. लेकिन कंपनी की एक गाड़ी पिछले कुछ समय से बिल्कुल भी परफॉर्म नहीं कर रही है. ये कार इंडियन मार्केट में फ्लॉप साबित होती जा रही है. जानकारी के अनुसार कंपनी ने इस कार की पिछले 3 महीने में एक भी यूनिट सेल नहीं की है.
हुंडई ने साल 2019 में भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार कोना ईवी (Kona EV) को लॉन्च किया था. हुंडई कोना की दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत 23.84 लाख रुपये से शुरू होती है. अगर कीमत को देखें तो इसका मुकाबला एमजी जेडएस ईवी (MG ZS EV) से है जिसकी कीमत भारत में 23 लाख रुपये से शुरू होती है. एमजी जेडएस ईवी को बाजार से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और अबतक इसकी 10,000 यूनिट्स की हो चुकी है. वहीं हुंडई कोना की बिक्री जनवरी के बाद ‘शून्य’ यूनिट हुई है.
विदेशों में हिट लेकिन भारत में फ्लॉप
बता दें कि कंपनी ग्लोबल मार्केट में कोना ईवी की बिक्री कर रही है. यूएस में यह इलेक्ट्रिक कार लोगों को खूब पसंद आ रही है और हर साल औसतन 90,000 यूनिट्स की बिक्री हासिल कर रही है. यूएस के अलावा कोरिया घरेलू बाजार में भी कोना ईवी की अच्छी डिमांड है. यूएस में इसके फेसलिफ्ट माॅडल को भी लाॅन्च किया जा चुका है. हालांकि भारत में 2022 के आखिरी तीन महीनों में कोना ईवी केवल 300 यूनिट ही बिकी, वहीं इस साल जनवरी में बिक्री का आंकड़ा केवल 40 यूनिट का ही रहा.
घरेलू ब्रांड्स से मिल रही कड़ी टक्कर
कोना ईवी को इंडियन मार्केट में टाटा नेक्सन ईवी, एमजी जेडएस ईवी और महिंद्रा एक्सयूवी400 जैसे इलेक्ट्रिक कारों से कड़ी टक्कर मिल रही है. इसके अलावा हाल ही में लॉन्च हुई BYD Atto3 और Kia EV6 से भी कोना ईवी की मुसीबतें बढ़ा दी हैं. भारत में हुंडई, कोना ईवी के अलावा आयोनिक 5 की बिक्री कर रही है. ग्राहकों को इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का डिजाइन, रेंज और फीचर्स खूब पसंद आ रहा है.
हुंडई कोना ईवी: बैटरी, रेंज और फीचर्स
हुंडई कोना ईवी बाजार में 48.4 kWh और 65.4 kWh के दो बैटरी पैक के साथ आती है. हुंडई का दावा है कि फुल चार्ज पर लॉन्ग रेंज मॉडल 452 किलोमीटर की ARAI सर्टिफाइड रेंज देती है. फीचर्स की बात करें तो इस कार में 12.3 इंच का डुअल-स्क्रीन डैशबोर्ड, फुल LED लाइटिंग, इलेक्ट्रिक गियर सेलेक्टर, बोस 8 स्पीकर साउंड सिस्टम, कीलेस एंट्री, ओटीए अपडेट और हेड्स अप डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं.
सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो यह एसयूवी ADAS, ब्लाइंड स्पॉट कोलिशन अवॉइडेंस असिस्ट, हाई बीम असिस्ट, लेन कीपिंग असिस्ट और फॉरवर्ड कोलिशन अवॉइडेंस असिस्ट सिस्टम से लैस है.
.
Tags: Auto News, Electric Car, Hyundai, SUV
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 17:29 IST









