
श्योपुर. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में 25-26 मई की रात को चीता को ट्रैक करने गांव पहुंची कूनो नेशनल पार्क की टीम पर गांववालों ने हमला कर दिया. गांववालों ने बदमाश समझकर उन पर पथराव कर दिया. इस हमले के बीच एक गोली भी चली. इस हमले में कोई भी हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन वन विभाग की गाड़ी के शीशे टूट गए. वन कर्मियों को मौके से भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी. शिकायत के बाद शिवपुरी जिले की पोहरी थाना पुलिस ने 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला श्योपुर शिवपुरी जिलों के बॉर्डर पर स्थित बेहटा और बुराखेड़ी गांव के पास का है.
गौरतलब है कि मादा चीता आशा अपने बाड़े से बाहर घूम रही है. कूनो नेशनल पार्क की टीम लगातार उसे ट्रैक कर रही है. यह टीम आशा को ट्रैक करते-करते बेहटा और बुराखेड़ी गांव पहुंच गई. इस टीम को देख कुछ गांववालों को लगा कि बदमाश लूटपाट करने आए हैं. उन्होंने आव देखा न ताव और वन विभाग की टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. अचानक हुए इस हमले से वन विभाग का अमला घबरा गया. अमले ने जैसे-तैसे वहां से भागकर अपनी जान बचाई. इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन टीम की गाड़ी के शीशे टूट गए.
बताने के बाद भी ग्रामीणों ने किया हमला- डीएफओ
इसके बाद वनकर्मियों ने शिवपूरी जिले के पोहरी थाने में हमले की शिकायत दर्ज कराई. उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. इस बारे में डीएफओ प्रकाश वर्मा का कहना है कि चीता मॉनिटरिंग टीम के 3-4 सदस्य चीतों की लगातार निगरानी करते हैं. आशा चीता को ट्रैक करते हुए जो हमारी टीम पोहरी के पास के गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया. जबकि, उन्होंने गांववालों को बताया भी था कि वह वन विभाग के लोग हैं. गाड़ी पर भी मध्य प्रदेश शासन लिखा था. इस मामले में कार्रवाई की जा रही है. बता दें, मादा चीता आशा पोहरी इलाके में है जो लगातार शिवपुरी जिले की ओर बढ़ रही है. उस पर ट्रैकिंग टीम निगरानी बनाए हुए है.
9 महीने में 6 चीतों की मौत
गौरतलब है कि, कूनो नेशनल पार्क में महज 9 महीने में 6 चीतों की मौत हो चुकी है. इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक की. मुख्यमंत्री निवास में चली इस बैठक में चीतों की बसाहट को लेकर समीक्षा की गई. बैठक में यह तय किया गया कि चीतों को कूनो नेशनल पार्क के अलावा नौरादेही और गांधीसागर अभ्यारण्य में भी बसाया जाए.
.
Tags: Mp news, Sheopur news
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 07:23 IST









