
तेजपुर/गुवाहाटी. पूर्वोत्तर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के आड़े नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत में कुछ भी आश्चर्यजनक नहीं है क्योंकि 2014 के आम चुनाव में भाजपा की जीत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से पहले भी वह उक्त दक्षिणी राज्य में सत्ता में थी.
कर्नाटक चुनाव में भाजपा के लिए सघन प्रचार करने वाले शर्मा ने कहा कि पार्टी ने राज्य में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन यह लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में भाजपा की वापसी के रास्ते में आड़े नहीं आएगी. असम के सोनितपुर जिले के बिहागुड़ी में आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘विपक्ष इस जीत को समुद्र में तिनके का सहारे के तौर पर ले रहा है, लेकिन इसका कोई प्रभाव भविष्य पर नहीं पड़ेगा.’
हालांकि, सरमा ने पत्रकारों को बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जितने भी निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया, उनमें से अधिकांश में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है. असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पिछले दो-तीन महीनों की चर्चा से यह निश्चित था कि भाजपा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगी.’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कर्नाटक और राजस्थान जैसे राज्यों में चुनाव परिणाम एक समान प्रवृत्ति दिखाते हैं.
डॉ. सरमा ने कहा कि कांग्रेस को हटाकर भाजपा ने कर्नाटक में सरकार बनाई थी और इस बार आम धारणा यह थी कि भाजपा सरकार नहीं बनाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन करने के भाजपा के किसी भी कदम की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि मैं जिन जगहों पर गया (प्रचार करने के लिए) उनमें से ज्यादातर जगहों पर बीजेपी जीती.’
(इनपुट एजेंसी से भी)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Assembly election, Himanta biswa sarma, Karnataka, Karnataka Assembly Election 2023
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 11:06 IST









