
हाइलाइट्स
सबसे पहले IRCTC की वेबसाइट पर जाकर पात्रता चेक करनी होगी.
स्टेशन पर दुकान खोलने के लिए आपको रेलवे के टेंडर के बारे में पता करना होगा.
रेलवे स्टेशन पर खुलने वाली दुकानों के लिए रेलवे शुल्क वसूल करता है.
नई दिल्ली. अगर आप रेलवे के साथ मिलकर बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो हम आपको एक शानदार आईडिया दे रहे हैं. आपने रेलवे स्टेशनों पर लगी दुकानों को तो देखा ही होगा. आप भी अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर इसी तरह की दुकान खोल सकते हैं. रेलवे स्टेशन होने के कारण वहां चौबीसों घंटे लोगों की चहल पहल बनी रहेगी जिससे आपकी दुकान पर कभी कस्टमर्स की कमी नहीं आएगी.
बता दें कि किसी भी रेलवे स्टेशन पर दुकान खोलने के लिए आपको रेलवे के टेंडर लेने का प्रोसेस पूरा करना होता है. आइए जानते हैं कि रेलवे का टेंडर आपको कैसे मिल सकता है और आप कैसे रेलवे स्टेशन पर अपनी दुकान खोल सकते हैं.
क्या होता है प्रोसेस?
रेलवे स्टेशन पर दुकान खोलने के लिए आपको सबसे पहले यह तय करना होगा कि आप किस तरह की दुकान खोलना चाहते हैं. इसके बाद आईआरसीटीसी की वेबसाइट (IRCTC) पर जाकर जिस तरह की दुकान खोलनी है, उसके लिए पात्रता चेक करनी होगी. बता दें कि रेलवे स्टेशन पर आप बुक स्टॉल, टी स्टॉल, फूड स्टॉल, न्यूज पेपर स्टॉल या किसी अन्य प्रकार की दुकान खोल सकते हैं.
इन डॉक्युमेंट्स की होगी जरूरत
रेलवे स्टेशन पर दुकान खोलने के लिए आपको कुछ जरूरी डॉक्युमेंट्स की जरूरत पड़ेगी जिनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड, बैंक डिटेल्स आदि शामिल हैं. बता दें कि स्टेशन पर खुलने वाली दुकानों के लिए रेलवे शुल्क वसूल करता है. यह आपकी दुकान की साइज और जगह से निर्धारित किया जाता है. इसमें आपको 40 हजार रुपये से लेकर 3 लाख रुपये तक का शुल्क देना पड़ सकता है.
टेंडर लेने के लिए क्या करना होगा?
स्टेशन पर दुकान खोलने के लिए आपको रेलवे के टेंडर के बारे में पता करना होगा. आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप चेक कर सकते हैं कि जिस स्टेशन पर आप दुकान खोलना चाहते हैं उसके लिए रेलवे ने कोई टेंडर निकाला है या नहीं. अगर टेंडर निकला हुआ है तो आपको रेलवे के जोनल ऑफिस या डीआरएस ऑफिस में जाकर फॉर्म भरकर जमा करना होगा. यहां आपके द्वारा फॉर्म में दी गई जानकारी को रेलवे वेरीफाई करता है. इसके बाद आपको टेंडर जारी कर दिया जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Business ideas, Business news, Business news in hindi, Earn money, How to earn money, Railway
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 06:25 IST








