
लखेश्वर यादव/जांजगीर चाम्पा. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE Result 2023) ने बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है. इस बार सक्ती जिले के तीन छात्र और दो छात्राओं ने टॉप 10 में जगह बनाने में सफलता हासिल की है. सक्ती जिले के अनुनय कॉन्वेंट स्कूल के छात्र विवेक अग्रवाल ने कक्षा 12वीं में 97.40 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है. बता दें कि रायगढ़ के अभिनव वीएचएस स्कूल पुसौर की छात्रा विधि भोसले ने 12वीं छत्तीसगढ़ में टॉप किया है. उन्होंने 98.20 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है.
इसके अलावा 12वीं में ही सक्ती जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र संस्कार देवांगन ने 96.6 प्रतिशत अंक के साथ राज्य के टॉप-10 में चौथा स्थान प्राप्त किया है. वहीं, 12वीं में कृति अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के टॉप 10 में जगह बनाई है. उन्होंने 96.20 प्रतिशत अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया है. वह ग्रीन फील्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल बाराद्वार के छात्रा हैं. सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर के देवाशीष देवांगन ने 12वीं के बोर्ड रिजल्ट में 95.80 प्रतिशत अंक के साथ राज्य में आठवीं पोजीशन हासिल की है. इसके अलावा अनुनय कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा श्रेया पांडेय ने कक्षा 12वीं में 95.6 प्रतिशत के साथ 9वां स्थान हासिल किया है.
विवेक अग्रवाल समेत सभी के घर जश्न
सक्ती जिले के विवेक अग्रवाल ने पूरे प्रदेश में 12वीं क्लास में दूसरा स्थान हासिल है. इस सफलता के बाद उनके घर खुशी का माहौल है. वहीं, विवेक ने बताया कि स्मार्ट वर्क और कड़ी मेहनत से सफलता हासिल की है. साथ ही उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रये गुरुजनों, परिवार में मां और बड़े भाई के साथ दोस्त को दिया है. विवेक ने बताया कि वह भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहते हैं. इसके साथ कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है. अगर पहली मेहनत से सफलता नहीं मिलती है तो निराश होने की भी जरूरत नहीं है. आगे और कड़ी मेहनत करनी चाहिए. मैं रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ाई करता था. कभी भी अपना रूटीन नहीं तोड़ता था. तब जाकर टॉप 10 में जगह मिली है. इसी तरह कृति अग्रवाल, देवाशीष देवांगन, संस्कार देवांगन, श्रेया पांडे के घर भी खुशी का माहौल है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: 10th Board result, 12 Board Exam, Chhattisgarh news
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 16:51 IST








