सैनी कोतवाली क्षेत्र के चकसैनी गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर मारकर पिकअप चालक फरार
कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के चकसैनी गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकली 35 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, चकसैनी गांव निवासी नीलू देवी (35) पत्नी मनोज कुमार रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। घर वापस लौटते समय तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलू देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
दिनदहाड़े हुए इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक का माहौल है।







