कौशाम्बी। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ कौशाम्बी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले के छह थाना क्षेत्रों में छापेमारी और चेकिंग कर कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो 758 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मंझनपुर, सराय अकिल, चरवा, पिपरी, संदीपनघाट और कोखराज थाना क्षेत्रों में की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कौशाम्बी पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।








