*कौशाम्बी — सिराथू तहसील क्षेत्र के सयारा रेलवे ओवरब्रिज की सड़क पर कंक्रीट घिसने के बाद लोहे की सरिया दिखाई देने लगी है। स्थानीय लोगो की माने तो इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, ऐसे में सड़क के भीतर सरिया का दिखाई देना पुल की स्थिति और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की सड़क की ऊपरी परत क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण अंदर की सरिया दिखाई दे रही है। लोगों का मानना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे दुर्घटना आशंका बढ़ सकती है। रमेश, मुन्ना , चुन्नू , कालीदिन आदि राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग से पुल का तकनीकी निरीक्षण कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सिराथू ओवरब्रिज जनपद के प्रमुख मार्गों में शामिल है और यहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसलिए पुल की सड़क की समय रहते मरम्मत कराकर किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए।









