
हिसार.हरियाणा के हिसार में कैमरी रोड नाका स्थित मैरिज प्लेस के नजदीक भाभी के साथ काम के लिए जा रही लड़की पर एक सिरफिरे युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया. आरोपी युवक ने नाबालिग के चेहरे, हाथ और छाती पर वार कर उसे घायल कर दिया. भाभी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. बाद में युवक के बाज नहीं आने पर भाभी ने स्वजनों को फोन कर सूचना दी. थोड़ी ही देर में युवती के स्वजन मौके पर पहुंच गए और आरोपी की धुनाई की. इस बीच कैमरी रोड नाका पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को स्वजनों के चुंगल से छुड़वाया.
दरअसल, युवक लड़की पर दोस्ती के लिए दबाव बना रहा था. कई दिन से उसका पीछा कर रहा था. जब लड़की ने साफ मना कर दिया तो उस पर हमला कर दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपित पटेल नगर के उमेद विहार कालोनी निवासी संजू उर्फ बाबा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी भाभी के साथ घर से पटेल नगर में काम के लिए जा रही थी. कैमरी रोड नाके के पास स्थित मैरिज प्लेस के पास पीछे करते हुए पटेल नगर निवासी 28 वर्षीय युवक संजू उर्फ उनके पास आया और आते ही उसने पीछे से बाल पकड़कर गर्दन के पास चेहरे पर तेजधार हथियार से वार करने लगा. जब उसने बीचबचाव किया तो उसने उसके हाथ व छाती पर भी तेजधार हथियार से वार किए. बार-बार कह रहा था कि आज तुझे जान से मार दूंगा.
जब उसे पकड़ने की कोशिश की आटो का शीशा तोड़ दिया
पीड़िता के भाई ने बताया कि वह आटो चलाता है. उसके पास फोन आया तो वह और उसका दोस्त आटो लेकर मौके पर पहुंचे. उस दौरान नहर के नजदीक एक किरयाना की दुकान पर संजू खड़ा दिखाई दिया. वह संजू को पकड़ने के लिए गए तो वह अपने हाथों में तेजधार हथियार लिए हुए था. जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने नुकीले हथियार से आटो का शीशा तोड़ दिया. इसके बाद वह भाग गया.
आरोपित युवक पर पहले से मुकदमे दर्ज
आरोपित युवक संजू पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं. सिविल लाइन थाना में 15 नवंबर 2014 को धारा 323, 324, 341, 506, 354-डी, 307 के तहत केस दर्ज है. महिला थाना में 2018 में आइपीसी की धारा 354-ए के केस दर्ज हैं। अब तीसरा मामला दर्ज हुआ. पीड़िता के भाई ने बताया कि कुछ साल पहले ही उन्होंने मकान शिफ्ट किया था. इससे पहले वह कैमरी रोड स्थित एक कालोनी में रहते थे. आरोपित संजू का घर नजदीक था तो उनके साथ बोलचाल थी. अभी संजू कैमरी रोड स्थित हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था. इसी रास्ते से हर रोज उसकी पत्नी व बहन आती थी. कई बार उसका पीछा करता था और उसे परेशान करता था। उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाता था. उन्होंने पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. स्वजनों ने बताया कि आरोपित संजू ने पहले भी एक लड़की से पटेल नगर में छेड़छाड़ की थी.
हेड कांस्टेबल कंवर सिंह ने बताया कि वह और एसपीओ दारा सिंह कैमरी रोड नाका पर ड्यूटी पर मौजूद थे. एक व्यक्ति हमारे पास आया और सूचना दी कि मैरिज हाल के पास एक लड़का किसी लड़की को नुकीले हथियार से मार रहा है. मैं और दारा सिंह घटना स्थल की तरफ दौड़े. देखा कि लड़की के स्वजन आ चुके थे और लड़के को पकड़ा हुआ था. उसे लेकर पटेल नगर की तरफ जा रहे थे. इसके बाद हम लड़के व लड़की को नाके पर लेकर आए. तब तक काफी संख्या में लोग जमा हो गए. लड़के को आमजन से बचाने के लिए हमने नाके पर कमरे में बंद कर दिया. डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई और लड़की को अस्पताल भिजवाया. गुस्साए स्वजन दरवाजा तोड़ने लगे. हमने उनको समझाया और कहा कि पुलिस को सूचना दे दी है. एसआई रमेश कुमार, एसएचओ, आजाद नगर थाना ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी संजू को कुछ चोटें आई हैं और इस कारण उसे अस्पताल में दाखिल कराया है। अभी जांच जारी है.
.
Tags: Haryana News Today, Haryana police
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 07:55 IST






