
नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे देश के शीर्ष पहलवान अभी भी अपनी मांग पर डटे हुए हैं. महिला पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को कहा कि उनपर सरकार की ओर से समझौते का दबाव बनाया जा रहा था लेकिन उन्होंने कोई समझौता नहीं किया है. विनेश ने कहा कि महिलाओं की सम्मान की लड़ाई वह आखिरी दम तक लड़ती रहेंगी. विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और संगीता फोगाट सहित कई पहलवान इस समय जंतर मंतर पर बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं.
नाबालिग सहित 7 महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. भारतीय पहलवान पिछले एक महीने से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. शनिवार को पहलवानों की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया. मीडिया से मुखातिब विनेश फोगाट इस दौरान भावुक हो गईं. उन्होंने कहा, ‘ बहुत सारी अफवाहें चल रही हैं कि खिलाड़ियों ने समझौता कर लिया है. हमारी जरूर सरकार से बातचीत चल रही थी और हमपर दबाव बनाया जा रहा था समझौता करने के लिए, लेकिन हमारी एक ही मांग थी कि बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी होनी चाहिए. हम उसी पर अडिग हैं और उसी पर अडिग रहेंगे. हमने कोई समझौता नहीं किया है और हम महिलाओं की मान सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं और लड़ते रहेंगे.’
पहलवानों की बहुत जरूरी प्रेस कांफ्रेंस pic.twitter.com/peGPnXWtCT
— Mandeep Punia (@mandeeppunia1) May 27, 2023
.
Tags: BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Sakshi Malik, Vinesh phogat
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 00:13 IST









