नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त, ये रास्ते रहेंगे बंद, महिला पहलवानों को भी पंचायत की इजाजत नहीं

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली. नए संसद भवन के उद्घाटन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी है. रविवार को संसद के आसपास के सभी रास्ते आम जनता के लिए बंद रहेंगे. पुलिस ने महिला पहलवानों को भी संसद के पास पंचायत करने की इजाजत नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि किसी ने भी कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा.

नई संसद के उद्घाटन समारोह के मद्देनजर उसके आसपास दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों का कड़ा पहरा रहेगा. रविवार को प्रधानमंत्री नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे और उसी समय संसद भवन के सामने खाप पंचायतों ने महिला पहलवानों के समर्थन में महिला पंचायत करने का फैसला किया है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है. ऐसे में किसी टकराव की स्थिति से निपटने के लिए संसद के आसपास दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां तैनात रहेंगी. इसमें 10 कंपनियां महिला सुरक्षाबलों की होंगी.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने सेंगोल को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- इसे छड़ी बताया गया, आज मिल रहा उचित सम्मान

इसके अलावा लुटियन ज़ोन में संसद के आसपास की सभी सड़कें आम लोगों के लिए दोपहर 3:30 बजे तक बंद रहेंगी. वहीं संसद के पास के मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेंगे. पुलिस ने अपील की है कि रविवार को  संसद भवन के आसपास के इलाकों में सड़कों पर आने से बचें.

दिल्ली पुलिस ने इसके साथ ही बताया कि दिल्ली के सभी बॉर्डर खुले रहेंगे. इन सीमाओं पर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात होंगे.

संसद के आसपास के ये रास्ते रहेंगे बंद
नए संसद भवन के उद्घाटन के मद्देनजर यहां मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, तालकटोरा गोल चक्कर, बाबा खड़क सिंह रोड, गोल डाक खाना, अशोक रोड, पटेल चौक गोल चक्कर, विंडसर पैलेस, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग यातायात के लिए प्रतिबंधित रहेंगे.

Tags: Parliament, Wfi, Wrestler

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें