
पीयूष शर्मा/मुरादाबाद : विकास प्राधिकरण मुरादाबाद को विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है. तरह-तरह की योजनाओं सहित शहर के विकास के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण लगातार कार्य कर रहा है. अब मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने शहर के लोगों को एक और सौगात दी है. शहर में अंबेडकर पार्क का निर्माण किया जाएगा.इस पार्क के निर्माण में की करीब 4 करोड रुपए खर्च होने का अनुमान है. जिसमें रंग-बिरंगे मौसमी फूलों के साथ मखमली घास लगाई जाएगी.
मुरादाबाद के आशियाना कॉलोनी स्थित अंबेडकर पार्क की जल्द ही सूरत बदली जाएगी. इसके साथ ही जल्द ही यह नए रूप में नजर आएगा. शहर के बीच-बीच होने के कारण इसको ऑक्सीजन का पावर हाउस बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. 24 घंटे लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन मिल सके इसके लिए आम और अमरुद के पेड़ों वाले इस पार्क में मौसमी रंग बिरंगी फूलों के पौधे लगाए जाएंगे. मखमली घास लोगों को आकर्षित करेगी. आकर्षक फूलों से लेकर योग स्थल, सेल्फी प्वाइंट और ऑर्गेनिक खाद और पेय पदार्थों के स्टॉल भी नजर आएंगे.
रेवेन्यू मॉडल पर होगा पार्क का संचालन
पार्क को इतना विकसित किया जा रहा है कि पार्क रात में रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया रहेगा. इसके लिए हाइ मास्ट, विक्टोरियन और बोलार्ड लाइटिंग की भी व्यवस्था रहेगी. इसके लिए चार करोड़ रुपए खर्च होंगे.शहर की पॉश कॉलोनी में डेढ़ दशक पहले इस पार्क की स्थापना की गई थी. करीब 10 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पार्क का उपयोग अभी तक सिर्फ आम अमरूद के बाग के रूप में किया जा रहा है. इसके गेट पर ताले लगे रहते है. इसके साथ ही आम लोगों की आवाजाही बंद है. मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के वीसी शैलेश कुमार ने बताया की पार्क को विकसित करने के कार्य का जल्द शुरू हो जाएगा. पार्क का संचालन रेवेन्यू मॉडल पर किया जाएगा. जिससे पार्क से प्राप्त आय से पार्क के सभी रखरखाव के कार्य संपादित कराए जा सकें.
.
Tags: Moradabad News, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 18:44 IST









