
शैलेन्द्र कौरव/नर्मदापुरम. क्षेत्राधिकार को लेकर लड़ाई हर वर्ग में होती है, फिर चाहे वह पुरुष हो, महिला हो या फिर किन्नर. नर्मदापुरम के माखननगर के इस वायरल वीडियो में किन्नरों का एक समूह दूसरे किन्नर समूह के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है और इसकी वजह बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर उपजा विवाद है. यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो गया है.
करीब दर्जन भर किन्नरों ने माखननगर में कमला किन्नर के घर में घुसकर उसे लात-घूंसों से पीटा था. मारपीट की यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. यह मामला 22 मई का बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक मामले को लेकर अब तक कोई शिकायत नही आई है. शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी.
इस वारदात के बाद किन्नरों ने माखननगर थाने के सामने निर्वस्त्र प्रदर्शन भी किया था. किन्नर कमला के मुताबिक, इटारसी के किन्नर माखननगर क्षेत्र में अवैध बधाई मांगने आते हैं. इसके लिए मना करने पर उन्होंने 22 मई को मेरे घर में घुसकर मेरे साथ मारपीट की. इसी बात को लेकर माखननगर के किन्नर थाने गए थे और मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग भी की थी.
कमला किन्नर का कहना है कि इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है. शिकायत आने पर कार्रवाई होगी. माखन नगर थाना प्रभारी ने बताया कि किन्नरों के बीच बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद कुछ किन्नरों ने थाने के सामने अनैतिक प्रदर्शन किया था, जिन्हें समझाइश दी गई है. थाने में हमारे पास शिकायत नहीं आई है, शिकायत आने पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
.
Tags: Crime News, Hoshangabad News, Transgender
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 11:31 IST









