
रिपोर्ट- अभिषेक माथुर
हापुड़. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में इन दिनों राहगीर पीने के पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं. यहां न सिर्फ राहगीरों को पानी के लिए परेशानी हो रही है, बल्कि बाजारों में दुकानदारों को भी पीने के पानी के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यहां बाजारों में लगे ठंडे पानी के वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं.
जानकारी के अनुसार हापुड़ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत और राज्यसभा सांसद कान्ता कर्दम द्वारा व्यापारियों और राहगीरों को ठंडे पानी की सुविधा मिले, इसके लिए बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर स्टील के बड़े वाटर कूलर रखवाये गये थे. वाटर कूलरों पर नगर पालिका परिषद द्वारा अच्छा-खासा बजट भी खर्च किया गया. लेकिन विभागीय लापरवाही और देखरेख के अभाव में यह वाटरकूलर अब शो-पीस साबित हो रहे हैं. इन वाटर कूलरों में पानी को ठंडा करने के लिए बिजली होना तो दूर, बल्कि पानी का कनैक्शन भी नहीं है. जिसकी वजह से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को पीने के लिए पानी की काफी परेशानी हो रही है.
हापुड़ में लगे 13 वाटर कूलर, अधिकांश पड़े खराब
नगर पालिका परिषद के एई धर्मेन्द्र कुमार सत्संगी ने बताया कि नगर पालिका परिषद हापुड़ द्वारा पालिका परिषद के क्षेत्र में कुल 13 वाटर कूलर लगे हुए हैं. प्रत्येक वाटर कूलर की कीमत लगभग ढ़ाई से तीन लाख रूपये है. हापुड़ में तहसील चौराहा, नगर पालिका परिषद सहित तहसील के अंदर और बाजारों में यह वाटर कूलर लगे हुए हैं. एई धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि वाटर कूलरों को एक बार चेक करवा लिया जाएगा, यदि कहीं कोई खराबी पाई जाती है, तो जल्द से जल्द इन्हें सही करा दिया जाएगा.
हापुड़ जिले में लोगों को ठंडे पानी की सुविधा मुहैया कराने के लिए राज्यसभा सांसद कान्ता कर्दम द्वारा भी पहल की गई थी. इसके लिए उनके द्वारा भी करीब 6 वाटर कूलर हापुड़ शहर में जगह-जगह लगवाये गये, जो अब देखरेख के अभाव में शो-पीस बने हुए हैं. राज्यसभा सांसद द्वारा इन वाटर कूलरों को मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया था, लेकिन अब इन 6 वाटर कूलरों में भी अधिकांश वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं.
जल्द ही सही कराए जाएंगे वाटर कूलर
इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा लगवाये गये वाटर कूलरों और हैण्डपंपों की जांच करवाकर जल्द से जल्द सही करवाया जाएगा. जिससे राहगीरों को पीने के पानी के लिए राहत मिल सके.
.
Tags: Drinking water crisis, Hapur News, Summer, UP news, Water Cooler
FIRST PUBLISHED : May 27, 2023, 07:04 IST









