
आदित्य कुमार, नोएडा. हम और आप घर लेते हैं ताकि परिवार को सभी चीजें मिल सके, सुविधाओं के लिए लोग हाई राइज सोसाइटी में घर लेते हैं. ताकि वो एक बाउंडरी के भीतर ही सब कुछ पा सके, लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी है. जहां पर बच्चों के खेलने के लिए जगह नहीं है और सोसाइटी के भीतर खेलने पर जुर्माना लगाया जाता है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी पंचशील ग्रीन्स 2 सोसाइटी में लोग परेशान है. आगामी 21 मई को बच्चों के खेल के कंपीटिशन होने हैं लेकिन प्रैक्टिस के लिए उनके पास कोई जगह नहीं है. अगर वो सोसाइटी के भीतर खेलते भी है तो परिवार वालों को जुर्माना लगाया जाता है. श्वेता इस सोसाइटी में पांच साल से रह रही है पांच साल का उनका बेटा भी है, वो कराटे खेलता है. श्वेता बताती है कि सोसाइटी के 20-25 बच्चे एक साथ कराटे सीखते है. एक कोच बच्चों को सिखाने आता था, लेकिन मैन्टेनेंस वालों ने बच्चों को खेलने से मना कर दिया. वो कहते हैं यह कमर्शियल एक्टिविटी है, अब बताए बच्चों को कहां खेलने के लिए लेकर जाए. एक हफ्ते से हम सड़क पर बच्चों को प्रैक्टिस करवा रहे हैं. कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
500 से 5000 तक लगता है फाइन
अर्पिता बताती है कि इस सोसाइटी में लगभग 2500 परिवार रहते हैं. कम से कम एक या दो बच्चे तो होते हैं, उनको कहां लेकर जाए खेलने के लिए? जब भी वो नीचे खेलने आते हैं मैन्टेनेंस वाले उनकी फ़ोटो सोसाइटी के ग्रुप में भेजते हैं और फाइन 500 से 5000 रुपये तक मांग करते हैं.
दीपांकर कुमार साल 2018 से पंचशील ग्रीन्स 2 में रह रहे हैं. वो बताते हैं कि हमने यहां तक बिल्डर से कहा कि अगर लगता है कि यह कमर्शियल एक्टिविटी है तो हमसे या कोच से चार्ज करें जैसे वो बाकी के सर्विसेज के लिए लेते हैं और बच्चों को खेलने दे. वहीं इस मामले में बिल्डर अनुज चौधरी से संपर्क किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 10:01 IST









